पूना मारगेम पहल के तहत 108 माओवादी कैडर मुख्यधारा में लौटेंगे, जगदलपुर में आज पुनर्वास कार्यक्रम

जगदलपुर, 11 मार्च। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में बुधवार को “पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन” पहल के अंतर्गत माओवादी कैडरों के आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास का महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) के कुल 108 माओवादी कैडर समाज की मुख्यधारा में शामिल होंगे।
पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा समाज के प्रमुख जनों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी कैडरों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों द्वारा दी गई सूचनाओं के आधार पर भारत में नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी डंप बरामदगी भी की गई है। बीजापुर जिले सहित बस्तर रेंज के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए हथियारों और सामग्री को इस अवसर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम शौर्य भवन, पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर, लालबाग, जगदलपुर में बुधवार दोपहर 2 बजे आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।




