Chhattisgarh

पीथमपुर के बाबा कलेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की भव्य तैयारी, भक्तों में उत्साह

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर से लगभग 8 किलोमीटर दूर ग्राम पीथमपुर स्थित प्राचीन बाबा कलेश्वरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों की विशेष सजावट से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है।

मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, दर्शन हेतु कतार प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। महाशिवरात्रि पर हजारों भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है।

पर्व के अवसर पर पूरी रात भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और महाआरती का आयोजन होगा। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण और विश्राम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

श्रद्धालुओं का विश्वास है कि महाशिवरात्रि के दिन बाबा कलेश्वरनाथ के दर्शन और जल अर्पण से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है और मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा है।

Related Articles

Back to top button