पहली बारिश में ही डूबा कुचेना बायपास अंडरपास, लोगों को हुई भारी परेशानी

कोरबा,06 मई 2026। एनटीपीसी रेल लाइन पर कोयला परिवहन को सुगम बनाने के उद्देश्य से कुचेना बायपास मार्ग पर बनाया गया अंडरपास पहली ही बारिश में अपनी खामियां उजागर कर गया। गर्मी के बीच हुई हल्की बारिश में ही अंडरपास पानी से लबालब भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थिति ऐसी बन गई कि सुबह ठेकेदार को पंप मशीन लगाकर पानी निकासी करनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह यातायात बहाल कराया जा सका। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में पंप के सहारे पानी निकालना कोई स्थायी समाधान नहीं है।
कोरबा से गेवरा-दीपका के बीच यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। रोजाना बड़ी संख्या में कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और भारी वाहन इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। ऐसे में मामूली बारिश में ही जलभराव होना निर्माण कार्य और ड्रेनेज व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि प्री-मानसून की हल्की बारिश में ही यह स्थिति है, तो आषाढ़ और सावन के दौरान लगातार होने वाली तेज बारिश में हालात और गंभीर हो सकते हैं। जलभराव के कारण दुर्घटना की संभावना भी बढ़ सकती है।
नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों से अंडरपास में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यहां बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, स्थायी पंपिंग स्टेशन और तकनीकी रूप से उचित ढलान की व्यवस्था जरूरी है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।




