Chhattisgarh

नौकरी का झांसा देकर चार साल तक युवती का शारीरिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव/छुरिया। वन विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवती का करीब चार वर्षों तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में छुरिया पुलिस ने 48 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को धमकाने और बदनाम करने की धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहम्मद सफदर खान (48), पिता स्व. इसराइल खान, निवासी वार्ड क्रमांक 4, सीताबर्डी पठानपारा, थाना छुरिया, ने पीड़िता को वनरक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। आरोपी ने पीड़िता से वनरक्षक भर्ती का आवेदन भरने की बात कहते हुए उसका प्रवेश पत्र भी लिया था। इसके बाद नौकरी लगवाने के नाम पर पीड़िता के पिता से 43 हजार रुपये लेने का आरोप है।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने एक दिन पीड़िता को फोन कर अपने घर बुलाया। घर में अकेला होने के दौरान कथित रूप से पीड़िता का हाथ खींचकर कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसके बाद आरोपी लगातार धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज करने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता को अपनी कार में बैठाकर भी डराने-धमकाने और बदनाम करने की धमकी देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता था।

मामले में थाना छुरिया में अपराध क्रमांक 163/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद सफदर खान को 1 सितंबर 2026 की शाम 7:15 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनुराग सोनवानी, सहायक उपनिरीक्षक उदय सिंह चंदेल, महिला प्रधान आरक्षक धनसीर भुआर्य, महिला आरक्षक सेलिया नेताम और आरक्षक छन्नू लाल खुंटे का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button