नो पार्किंग और खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा करने वालों पर यातायात पुलिस की सख्ती, ITMS से 27,824 चालान

बिलासपुर, 09 मार्च । बिलासपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले के नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने तथा खतरनाक तरीके से वाहन पार्क करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से अब तक 27,824 वाहन चालकों के चालान किए जा चुके हैं, जिन पर कुल 1 करोड़ 14 लाख 16 हजार 300 रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया गया है।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़क पर खतरनाक परिस्थितियों में वाहन खड़ा करने जैसे मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालान किए जा रहे हैं। इसमें एमवी एक्ट की धारा 117/177 के तहत नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 300 रुपये, धारा 119/177 के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 300 रुपये, धारा 127(3) के तहत कार लिफ्टर से वाहन उठाने पर 200 रुपये तथा बाइक लिफ्टर से वाहन उठाने पर 100 रुपये का चालान किया जा रहा है। वहीं एमवी एक्ट की धारा 122/177 के तहत सड़क पर खतरनाक स्थिति में वाहन खड़ा करने पर 300 रुपये और पुलिस कार्रवाई के दौरान आदेश का उल्लंघन करने पर धारा 8/179(1) के तहत 500 रुपये का चालान किया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा शहर को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को कार और बाइक लिफ्टर के माध्यम से उठाकर थाने लाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों को माननीय न्यायालय में भी भेजा जा रहा है, ताकि दोषी वाहन चालकों पर अधिक आर्थिक दंड लगाया जा सके।
पुलिस ने नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों के किनारे स्थित होटल, लॉज, ढाबा, पेट्रोल पंप, दुकान, गैरेज और पंचर दुकानों के संचालकों की बैठक लेकर उन्हें यातायात सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। प्रतिष्ठान संचालकों को अपने संस्थानों के सामने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, सुरक्षा गार्ड तैनात करने और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों पर नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। ऐसा करने से न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। पुलिस ने कहा है कि लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।




