Chhattisgarh

नेशनल थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कोरबा के बॉक्सरों का जलवा, छत्तीसगढ़ उपविजेता

कोरबा। ड्रैगन मार्शल आर्ट एकेडमी के बॉक्सरों ने पुणे में आयोजित नेशनल थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले, प्रदेश और अकादमी का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में देश के 15 राज्यों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ की ओर से कोच महेश देवांगन और रेफरी अनुज अग्रवाल के मार्गदर्शन में कुल 40 खिलाड़ी एवं एक अधिकारी स्पर्धा में शामिल हुए। ड्रैगन मार्शल आर्ट एकेडमी से 8 बॉक्सरों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 9 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए।

पदक विजेताओं में आयुष ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। श्रेणी नेगी और अनुज अग्रवाल ने स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं राजेश्वरी लहरे ने स्वर्ण और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इसके अलावा गौरव चौहान, निखिल पैकरा और अभिषेक तिवारी ने भी स्वर्ण पदक जीतकर कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया।

इन पदक विजेता खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में कुल 19 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदक अर्जित करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता से लौटने के बाद पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान जिला प्रशासन द्वारा किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय तथा नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी के.आर. टंडन, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी दीनू पटेल, सहायक खेल अधिकारी रामकृपाल साहू सहित छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन के संरक्षक गिरी राव, अध्यक्ष दीपक प्रसाद, उपाध्यक्ष रविंद्र साहू, सचिव राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष नीतू सिंह, सह सचिव जे.पी. राजू, टेक्निकल डायरेक्टर अजीत शर्मा, डीएमसी कोच हार्दिक दुरेजा, मोहम्मद आरिफ, शुभम प्रजापति, ईश्वर दास महंत, सहायक कोच अनुज अग्रवाल, हर्ष यादव, फ्रांसिस कुजूर, दीपक रोहिदास, महिला कोच पूजा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button