Chhattisgarh

निलंबित कर्मचारी का आरोप: अध्यक्ष ने कहा “अपराधी”, अपमान से आहत होकर स्टील अलमारी में सिर पटका

जांजगीर-चांपा/अकलतरा, 28 फरवरी। नगर पालिका परिषद अकलतरा में पदस्थ एक निलंबित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने नगर पालिका अध्यक्ष पर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और मानसिक प्रताड़ना देने का गंभीर आरोप लगाया है। कर्मचारी अजय कुमार शर्मा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में अजय कुमार शर्मा ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को वह वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद पति छतराम साहू के बुलावे पर उपाध्यक्ष कक्ष के बाहर इंतजार कर रहा था। इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष वहां पहुंचीं और उसे निलंबित कर्मचारी बताते हुए कथित रूप से “अपराधी” कहकर ऊंची आवाज में फटकार लगाई। कर्मचारी के अनुसार उसने हाथ जोड़कर निवेदन किया कि वह केवल आरोपी है और उसके विरुद्ध विभागीय जांच लंबित है, लेकिन इसके बावजूद अध्यक्ष द्वारा कथित रूप से उसे अपराधी कहना जारी रखा गया।

कर्मचारी का आरोप है कि बार-बार सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने से वह मानसिक रूप से आहत हो गया और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचने पर उसने स्थापना कक्ष में रखी स्टील अलमारी में अपना सिर पटक लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कर्मचारी के अनुसार उसने पुलिस के सामने भी अपनी बात रखी और बताया कि उसे अपमानित किया गया है। इस दौरान उसके सिर और माथे में चोट भी आई।

अजय कुमार शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा है कि अध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग उसकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है। उसने अपने सेवाकाल को ईमानदार और निष्पक्ष बताते हुए कहा कि उसके विरुद्ध पहले कभी कोई अनुशासनहीनता का मामला नहीं रहा। वर्तमान में निलंबन की स्थिति के कारण वह पहले से मानसिक दबाव में है और इस घटना से वह भयभीत और आहत है।

कर्मचारी ने बताया कि घटना के समय सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार साहू, कुश यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। उसने सभी संबंधित कर्मचारियों के बयान लेकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं इस मामले को लेकर नगर पालिका परिषद में चर्चा का माहौल है और अब शिकायत पर प्रशासनिक जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button