Chhattisgarh

SECL अंतर-क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट 2026-27 का शुभारंभ, 16 टीमें दिखाएंगी दमखम

कोरबा/बिलासपुर,14 अक्टूबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में अंतर-क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट 2026-27 का शुभारंभ बुधवार, 14 अक्टूबर को बिलासपुर के बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में एसईसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न संचालन क्षेत्रों की कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के माध्यम से कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने हॉकी मैदान पर गोल कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में बिरंची दास ने कहा कि हॉकी जैसे तेज गति वाले खेल में टीमवर्क, आपसी समन्वय, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। खेल के मैदान पर विकसित होने वाले ये गुण कार्यस्थल पर भी बेहतर प्रदर्शन और सफलता हासिल करने में सहायक होते हैं। उन्होंने एसईसीएल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं विकसित करने और उन्हें बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

समारोह की शुरुआत में महाप्रबंधक (कल्याण) बी.सी. सेठी ने स्वागत उद्बोधन दिया और मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) विवेक सिंह एवं वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) आस्तिक साहू ने किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी एवं कल्याण विभाग में पदस्थ वरिष्ठ डीईओ राजेश हेनरी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में एसईसीएल मुख्यालय के विभागाध्यक्षों, संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी), कल्याण मंडल, सिस्टा एवं विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ डीएवी स्कूल के प्राचार्य भी उपस्थित रहे।

एसईसीएल अंतर-क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट 2026-27 कंपनी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा विभिन्न संचालन क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन है। 16 टीमों की भागीदारी से प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button