नगरपालिका जांजगीर नैला में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का जनआक्रोश रैली

जांजगीर चांपा, 29 अक्टूबर। जांजगीर-नैला में नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार, विकास कार्यों की अनदेखी और नगर सरकार की उदासीनता के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी चौक से नगरपालिका कार्यालय तक कांग्रेसी पार्षदों और नेताओं ने जनआक्रोश रैली निकालकर नगर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस रैली में जांजगीर-चांपा विधानसभा के विधायक व्यास कश्यप, नगर के पार्षदगण और कांग्रेस पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और सरकारी निधियों के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया।
नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड नंबर 14 के पार्षद प्रिंस शर्मा ने कहा कि नगरपालिका के अधिकारी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। अध्यक्ष अपनी मनमानी करते हुए सरकारी फंड का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के हित के विकास कार्यों को दरकिनार कर शहरभर में बड़े-बड़े बधाई संदेशों वाले होर्डिंग लगाकर सरकारी पैसों से राजनीतिक प्रचार किया जा रहा है।
प्रिंस शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका की अनियमितताओं और भ्रष्टाचार पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो कांग्रेस पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर के विकास और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।










