धरसीवां में सेवा सेतु अभियान का समापन: छत्तीसगढ़ के सवा लाख से अधिक घरों में लगे सोलर प्लांट, हितग्राहियों को मिल रहा शून्य बिजली बिल का लाभ

रायपुर/धरसीवां, 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में अब तक सवा लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं ने अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित कर लिए हैं। इससे बड़ी संख्या में परिवारों को शून्य या न्यूनतम बिजली बिल का लाभ मिल रहा है। यह जानकारी धरसीवां के सेवा सदन में आयोजित सेवा सेतु अभियान के समापन समारोह में दी गई। इस अवसर पर योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चले सेवा सेतु अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि सुरक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य के लिए सौर ऊर्जा सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने आम नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सब्सिडी का लाभ लेकर लोग अपने घरों में सोलर प्लांट स्थापित कर सकते हैं। इससे न केवल बिजली बिल में बचत होगी, बल्कि उपभोक्ता ऊर्जा उत्पादन में भी भागीदार बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि लोग केवल बिजली के उपभोक्ता न रहकर ऊर्जा दाता बनें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

छत्तीसगढ़ में सवा लाख से अधिक घरों में स्थापित हुए सोलर प्लांट
समारोह में रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य अभियंता अनीस कुमार लखेरा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक सवा लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ता अपने घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर चुके हैं। योजना के माध्यम से बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ रही है और कई परिवारों को शून्य बिजली बिल का लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में सम्मानित हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कुछ लाभार्थियों ने बताया कि सोलर प्लांट लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है, जबकि कई उपभोक्ताओं का मासिक बिजली खर्च काफी कम हो गया है। हितग्राहियों ने इस योजना को घरेलू बजट में बचत करने का प्रभावी माध्यम बताया।
जिला पंचायत सदस्य सविता चंद्राकर ने भी सौर ऊर्जा संयंत्र से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी साबित हो रहा है। इससे बिजली खर्च कम होने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।
बिजली विभाग के कर्मचारियों के कार्यों की सराहना
समारोह की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत धरसीवां के उपाध्यक्ष दिनेश खूंटे ने प्रदेश में विद्युत क्षेत्र के विकास और आम नागरिकों को मिल रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था में सुधार और नई योजनाओं के क्रियान्वयन से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इस दौरान उन्होंने पावर कंपनी के अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों के कार्यों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य पूजा वर्मा, धरसीवां सरपंच साहिल खान, रायपुर शहर के मुख्य अभियंता संजीव सिंह, अधीक्षण अभियंता श्रीमुरारी हरि एवं महावीर विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता धनंजय वर्मा, सहायक अभियंता आकाश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, विद्युत उपभोक्ता और पावर कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




