Chhattisgarh

खरोरा में ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड सुना गया, विधायक अनुज शर्मा बोले—राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश

रायपुर/ धरसीवां। विधायक अनुज शर्मा ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत खरोरा में नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के किसानों के नवाचार की सराहना करते हुए बताया कि कैसे रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढों के माध्यम से जल संरक्षण की प्रभावी पहल की गई है। करीब 1200 किसानों द्वारा अपनाए गए इस मॉडल से न केवल वर्षा जल का बेहतर संचयन हुआ, बल्कि भूजल स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि कोविड के बाद दुनिया से अपेक्षित स्थिरता नहीं बन पाई है और कई क्षेत्रों में युद्ध व संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने खाड़ी देशों में कार्यरत भारतीयों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वहां रह रहे एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर संभव सहयोग मिल रहा है। साथ ही, ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों के बीच भारत अपने मजबूत वैश्विक संबंधों और बढ़ती क्षमता के बल पर स्थिति का सामना कर रहा है।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों के मन की अभिव्यक्ति है, जो हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने जल संचय, स्वास्थ्य, मत्स्य पालन और युवाओं के नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरक विचार रखे।

विधायक ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ आज जल संचयन और किसान कल्याण के क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में उभर रहा है। ग्रामीण आधारभूत ढांचे में सुधार और किसानों की खुशहाली इस दिशा में राज्य की प्रगति को दर्शाती है।

‘मन की बात’ का यह एपिसोड आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और कृषि समृद्धि की दिशा में देश के बढ़ते कदमों का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।

Related Articles

Back to top button