Chhattisgarh

धरसींवा क्षेत्र को 82.40 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, विधायक अनुज शर्मा ने जताया आभार

रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए उप-मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार जन-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और बजट में किए गए प्रावधान क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।

विधायक ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 82.40 करोड़ रुपये की लागत से 17 आंतरिक मार्गों सहित कई विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इनमें कचना से वीआईपी रोड तक सड़क चौड़ीकरण, कचना-पिरदा मार्ग को फोरलेन करना, सिलयारी-मांढर लेवल क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण और कचना-खमारडीह मार्ग पर उच्च स्तरीय पुल के चौड़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा खरोरा में इंडोर स्टेडियम और खेल मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ रुपये तथा बरौदा और माठ में शासकीय हाई स्कूल भवनों के लिए 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही कई ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए भी बजट प्रावधान किया गया है।

सदन में विधायक अनुज शर्मा ने जल-जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने, खरोरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, खरोरा गौरवपथ में स्ट्रीट लाइट लगाने और विभिन्न गांवों के पहुंच मार्गों के निर्माण जैसी नई मांगें भी रखीं।

उन्होंने कहा कि बजट में क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को प्राथमिकता दी गई है, जिससे धरसींवा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार होगा।

Related Articles

Back to top button