Chhattisgarh

धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार…शराब, नकदी और बाइक समेत 23,170 रुपये की जब्ती

धमतरी, 3 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय, परिवहन और भंडारण के खिलाफ धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कोतवाली, कुरूद और अर्जुनी थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 80 पौवा देशी शराब, बिक्री की नकदी और शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत 23,170 रुपये बताई गई है

कोतवाली पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नहरपार नहर नाका, धमतरी के पास घेराबंदी कर गौरव नेताम उर्फ चाड़ी को अवैध शराब परिवहन करते पकड़ा। उसके कब्जे से 32 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 2,840 रुपये है, बरामद की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05-AF-7765 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये है। इस मामले में कुल 17,840 रुपये की जब्ती हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 238/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इसी तरह कुरूद पुलिस ने ग्राम उमरदा ओवरब्रिज से चर्रा शराब भट्ठी के बीच रामसागर तालाब के पास कार्रवाई करते हुए रेश कुमार सोनकर को अवैध शराब बेचते पकड़ा। उसके पास से 32 पौवा देशी शराब कीमत 3,520 रुपये और बिक्री की रकम 200 रुपये बरामद हुई। इस मामले में कुल 3,720 रुपये की जब्ती की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 328/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

अर्जुनी पुलिस ने भी सांकरा मुख्य नहर के पास दबिश देकर उमेश चेलवानी को अवैध शराब बिक्री के आरोप में पकड़ा। उसके कब्जे से 16 पौवा देशी प्लेन शराब कीमत 1,280 रुपये और बिक्री की रकम 330 रुपये जब्त की गई। कुल 1,610 रुपये की जब्ती के साथ आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/26, धारा 34(1)ब आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

धमतरी पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button