Chhattisgarh

धमतरी पुलिस के ASI रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मान

धमतरी, 18 अगस्त । धमतरी पुलिस के रक्षित केंद्र में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) रामावतार सिंह राजपूत को पुलिस सेवा में उनके विशिष्ट, निष्ठापूर्ण और उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को आयोजित समारोह में उन्हें मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के करकमलों से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने पर धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने ASI रामावतार सिंह राजपूत को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजपूत की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाएं धमतरी पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय हैं। उनकी कार्यशैली अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

रामावतार सिंह राजपूत वर्ष 1999 में अविभाजित मध्यप्रदेश के जिला पुलिस बल में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। इसके बाद 4 दिसंबर 2009 को उन्हें प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति मिली। लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया। उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय पुलिस सेवाओं को देखते हुए वर्ष 2018 में उन्हें राष्ट्रीय सराहनीय पुलिस सेवा पदक से भी सम्मानित किया गया था।

31 दिसंबर 2021 को रामावतार सिंह राजपूत को सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली। उन्होंने पीटीआई के रूप में आरक्षकों, प्रधान आरक्षकों और सहायक उप निरीक्षकों के आधारभूत प्रशिक्षण के साथ जिला स्तरीय पीपी पाठ्यक्रमों तथा कोटवार प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक संचालन किया। प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

इसके अलावा उन्होंने वीआईपी बंदोबस्त, कानून-व्यवस्था, निर्वाचन ड्यूटी सहित पुलिस विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। अनुशासित, परिश्रमी और कुशल प्रशिक्षक के रूप में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से प्रशस्ति पत्र और सराहना भी मिलती रही है।

वर्तमान में रामावतार सिंह राजपूत धमतरी जिला पुलिस के रक्षित केंद्र में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी उपलब्धि की एक खास बात यह भी है कि उनकी पत्नी लता राजपूत भी धमतरी पुलिस कार्यालय में सहायक उप निरीक्षक के पद पर अकाउंट सेक्शन में सेवाएं दे रही हैं। पति-पत्नी दोनों का पुलिस विभाग में सेवा देना और रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाना पूरे पुलिस परिवार के लिए गौरव की बात है।

राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने पर धमतरी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें बधाई दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, मुख्य लिपिक लक्ष्मी ध्रुव और स्टेनो अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रामावतार सिंह राजपूत को मिला यह सम्मान उनकी वर्षों की कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और उत्कृष्ट पुलिस सेवा का राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण सम्मान है। उनकी उपलब्धि से धमतरी पुलिस का गौरव बढ़ा है और यह युवा पुलिसकर्मियों के लिए सेवा, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा भी बनी है।

Related Articles

Back to top button