Entertainment

‘द पैराडाइज’ के दूसरे सिंगल का डलास में होगा लाइव लॉन्च, अनिरुद्ध के कॉन्सर्ट में पहुंचेंगे नानी

कोरबा। नेचुरल स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म का दूसरा सिंगल 28 अगस्त को अमेरिका के डलास में मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के लाइव कॉन्सर्ट में भव्य अंदाज में लॉन्च किया जाएगा। इस विशेष म्यूजिकल इवेंट में नानी भी शामिल होंगे। इसके बाद गाने को 29 अगस्त को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा।

नानी ‘जर्सी’ और ‘हाय नन्ना’ जैसी फिल्मों में अपनी प्रभावशाली भावनात्मक अदाकारी के लिए पहचाने जाते हैं, लेकिन ‘द पैराडाइज’ में उनका किरदार बिल्कुल अलग और रॉ अवतार में नजर आने वाला है। फिल्म में वे जडाल की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी स्लम इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एक्शन, ड्रामा और थ्रिल का दमदार मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है।

‘द पैराडाइज’ नानी और श्रीकांत ओडेला की दूसरी साथ काम करने वाली फिल्म है। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘दसरा’ में नजर आई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। फिल्म का टीजर और पहला सिंगल ‘आया शेर’ पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा बटोर चुके हैं। ‘आया शेर’ को यूट्यूब पर 200 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं, जबकि गाने को 1.8 मिलियन से ज्यादा लाइक्स प्राप्त हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी गाने के हुकस्टेप और नानी के लुक को लेकर बड़ी संख्या में रील्स बनाई जा रही हैं।

मेकर्स के अनुसार, दूसरे सिंगल का लॉन्च भी अपने आप में खास होगा। पहली बार फिल्म के किसी गाने को हजारों प्रशंसकों की मौजूदगी में लाइव म्यूजिकल कॉन्सर्ट के मंच से लॉन्च किया जाएगा। अनिरुद्ध रविचंदर के डलास कॉन्सर्ट में नानी की मौजूदगी इस आयोजन को और खास बनाएगी।

‘द पैराडाइज’ के संगीत को लेकर भी काफी उम्मीदें हैं। अनिरुद्ध रविचंदर के साथ गीतकार कसरला श्याम की जोड़ी दूसरे सिंगल के लिए काम कर रही है। कसरला श्याम ‘दसरा’ के लोकप्रिय गीत ‘चमकीला एंजेल्सी’ के लिए भी जाने जाते हैं। उन्हें ‘बलगम’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले निर्मित ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए मेकर्स हॉलीवुड अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स से भी संपर्क कर चुके हैं। बड़े पैमाने पर तैयार की गई इस फिल्म में नानी का नया अवतार, श्रीकांत ओडेला का निर्देशन और अनिरुद्ध का संगीत दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button