थोड़ा जादू, ढेर सारी मस्ती और भरपूर हँसी! सोनी सब ने पेश किया अपना नया फैमिली एंटरटेनर ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’

~ मुख्य भूमिकाओं में हिबा नवाब, अधिक मेहता और राखी विजान अभिनीत यह शो 18 नवंबर को रात 8 बजे प्रीमियर होगा।~
मुंबई, 13 नवंबर, 2026: सोनी सब, जो भारत के अग्रणी हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों में से एक है, अपने आगामी फैमिली एंटरटेनर लो चुड़ैल चली ससुराल के साथ दर्शकों को मस्ती और मनोरंजन से भरपूर सफर पर ले जाने के लिए तैयार है, जिसका प्रीमियर 18 नवंबर को रात 8 बजे होगा। यह शो जादू और हास्य का एक ताज़गीभरा संगम पेश करेगा, जो रोज़मर्रा की जिंदगी में एक अप्रत्याशित और दिलचस्प मोड़ लेकर आएगा। ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया लिमिटेड द्वारा निर्मित इस शो में हिबा नवाब, अधिक मेहता और राखी विजान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएँगे।
हिबा नवाब उर्वशी की भूमिका निभा रही हैं, जो एक प्यारी और नेकदिल चुड़ैल है और आरव पटेल, जिसकी भूमिका अधिक मेहता निभा रहे हैं, से बेइंतहा प्यार करने लगती है। एक सेल्फ-मेड बिजनेसमैन और सच्चे रोमांटिक आरव का मानना है कि जिंदगी को सरल रखना चाहिए और वह ईमानदारी, भरोसे और सार्थक रिश्तों को महत्व देता है। प्यार के लिए उर्वशी अपनी जादुई दुनिया को पीछे छोड़कर उसके साथ जिंदगी अपनाने के लिए तैयार हो जाती है, लेकिन जल्द ही उसे पता चलता है कि एक इंसानी परिवार में खुद को ढालना बिल्कुल आसान नहीं है। वहीं, अपनी पत्नी की जादुई पहचान का पता चलने पर आरव की जिंदगी में सबसे बड़ा सरप्राइज आता है, जबकि रोजमर्रा की परिस्थितियों को संभालने के लिए उर्वशी की जादू का इस्तेमाल करने की कोशिशें उनकी शादीशुदा जिंदगी में कई मजेदार उतार-चढ़ाव लेकर आती हैं। इस मजे को और बढ़ाती हैं राखी विजान, जो कामिनी, उर्वशी की मां और उनकी रहस्यमयी दुनिया की सबसे शक्तिशाली चुड़ैलों में से एक की भूमिका निभा रही हैं, जिनकी मौजूदगी अपने साथ जादू और शरारतों का अलग ही रंग लेकर आती है।
अजय भालवंकर, चीफ कंटेंट ऑफिसर- सोनी सब, मूवीज़, एफटीए और इन्फोटेनमेंट:
“सोनी सब में हमारा मानना है कि ऐसी कहानियाँ दर्शकों तक पहुँचाई जाएँ, जो खुशी, सकारात्मकता और हँसी बिखेरें, साथ ही परिवारों को एक साथ आने का अवसर दें। चुड़ैल चली ससुराल के साथ हम फैंटेसी और हास्य का एक ताज़गीभरा संगम पेश कर रहे हैं, जो दर्शकों को अप्रत्याशित घटनाओं से भरी एक अनोखी दुनिया में ले जाएगा। यह शो दिलचस्प किरदारों और मनोरंजक परिस्थितियों के साथ दर्शकों को लगातार बाँधे रखने का वादा करता है। हमें उम्मीद है कि यह अनोखा मनोरंजक शो हमारे दर्शकों के जीवन में थोड़ी और हंसी, खुशी और जादू जोड़ देगा और पूरे परिवार के लिए एक शानदार मनोरंजन अनुभव साबित होगा।”
हिबा नवाब, जो उर्वशी की भूमिका निभा रही हैं:
“जब मैंने पहली बार चुड़ैल चली ससुराल की कहानी सुनी, तो मुझे याद है मैंने सोचा था कि यह एक जबरदस्त मजेदार और पूरी तरह पागलपन से भरा सफर होने वाला है। हम रोजमर्रा के पारिवारिक ड्रामे देखने के आदी हैं, लेकिन यहाँ हमारे पास एक ऐसी दुनिया है, जहाँ सबसे अनोखी और हैरान करने वाली चीजें हो सकती हैं और यही बात इसे इतना मनोरंजक बनाती है। सेट पर कई बार ऐसे पल आते हैं, जब मैं अपने किरदार के साथ होने वाली मजेदार परिस्थितियों की वजह से खुद हँसने लगती हूँ। मुझे इस किरदार को निभाने में बहुत मजा आ रहा है, क्योंकि यह मुझे चुलबुलापन दिखाने और एक कलाकार के रूप में नए प्रयोग करने का मौका देता है। मुझे लगता है कि इस शो की सबसे खास बात यह है कि यह परिवार के साथ बैठकर खुलकर हँसने और साथ में अच्छा समय बिताने की उस सादगीभरी खुशी को फिर से लेकर आता है।”
18 नवंबर से देखिए लो चुड़ैल चली ससुराल में मस्ती और पागलपन से भरा यह अनोखा सफर, सोमवार से शनिवार रात 8 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।




