Chhattisgarh

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

बलौदाबाजार, 06 नवम्बर 2026। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रवान के मुख्य मार्ग पर मंसा चौक के पास शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में पिता और उनके दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे हुआ। मोटरसाइकिल क्रमांक MP18 M 1744 में सवार होकर रामचंद्र ध्रुव (39), उनकी बेटी निहारिका ध्रुव (16) और बेटा टोमेश ध्रुव (12) अपने गांव खैरताल लौट रहे थे। तीनों बलौदाबाजार स्थित पोस्ट ऑफिस में पैसे निकालने आए थे। इसी दौरान ग्राम रवान के मंसा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक CG08 AX 6011 ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोगों की जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक सहित आरोपी चालक को थाना भाटापारा ग्रामीण में हिरासत में रखा गया है। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार भेजा गया है।

मृतकों की पहचान रामचंद्र ध्रुव (39), उनकी बेटी निहारिका ध्रुव (16) और बेटे टोमेश ध्रुव (12) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम खैरताल, थाना भाटापारा ग्रामीण के निवासी थे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button