डिजिटल अरेस्ट से APK फ्रॉड तक, साइबर अपराधों के नए तरीकों पर IG रामगोपाल गर्ग ने किया जागरूक

0 NTPC सीपत के कला निकेतन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, SSP रजनेश सिंह ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय, 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल शिकायत करने की अपील
बिलासपुर, 19 नवम्बर। तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा NTPC सीपत के कला निकेतन सभागार में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 18 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, म्यूल अकाउंट, APK फ्रॉड, ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि डिजिटल तकनीक आज जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। ऑनलाइन बैंकिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल लेन-देन ने सुविधाएं बढ़ाई हैं, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। अपराधी लोगों के डर, लालच और विश्वास का फायदा उठाकर उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है।
उन्होंने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर विशेष रूप से आगाह करते हुए कहा कि पुलिस, सीबीआई या किसी अन्य जांच एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। किसी अनजान व्यक्ति की कॉल से डरकर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा करें।
साइबर ठगी के नए तरीकों की दी जानकारी
आईजी गर्ग ने डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, इम्पर्सोनेशन फ्रॉड, APK फाइल के जरिए होने वाली ठगी, फर्जी ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट स्कीम और सेक्सटॉर्शन जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी प्रोफाइल, संदिग्ध लिंक और मोबाइल एप के जरिए लोगों की निजी जानकारी हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने साइबर अपराधों की निगरानी और शिकायतों के निराकरण के लिए उपयोग किए जाने वाले MRM एवं GRM मॉड्यूल की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया।
SSP रजनेश सिंह ने बताए बचाव के उपाय
कार्यक्रम में वरिष्ठ SP एवं उप पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने भी साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराना चाहिए, ताकि ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराने की संभावना बढ़ सके।
इस दौरान NTPC के चीफ जनरल मैनेजर एवं हेड ऑफ प्रोजेक्ट विजय शंकर दुबे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारी एवं जवान तथा स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे। भारतीय स्टेट बैंक की सीपत शाखा के शाखा प्रबंधक ने भी बैंकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में NTPC प्रबंधन ने बिलासपुर पुलिस की इस जागरूकता पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल की टीम के प्रति आभार जताया। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।




