जांजगीर-नैला में आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम, सेवा संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ

जांजगीर-नैला। आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01, वार्ड क्रमांक 09 में आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने और जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया।
अभियान के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को योजनाओं का लाभ लेने तथा बच्चों और परिवारों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं के समाधान और उनके सशक्तिकरण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रयास है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के सभापति एवं पार्षद अजीत गढ़वाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला मंत्री भाजपा जांजगीर-चांपा संतोषी दुबे ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रियंका यादव, सहायिका टंकेश्वरी पांडे, सुपरवाइजर श्वेता तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर विनोद यादव और एएनएम बसंती कंवर सहित वार्ड के हितग्राही एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।




