Chhattisgarh

जांजगीर चांपा: साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर

जांजगीर-चांपा, 16 मार्च 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा के लंबित प्रकरणों और प्राप्त शिकायतों का त्वरित व प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

बैठक में कलेक्टर ने जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण और उससे जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए फिलहाल जिला अस्पताल और लाइवलीहुड कॉलेज भवन का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए दोनों भवनों में आवश्यक मरम्मत और रिनोवेशन कार्य कराने के निर्देश दिए गए, ताकि संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए और सभी कार्य नियमों के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं।

बैठक में कलेक्टर ने आईआरएडी पोर्टल में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, परिवहन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ सभी दुर्घटनाओं की जानकारी अनिवार्य रूप से पोर्टल में दर्ज करने को कहा।

कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने और घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों का आधार अपडेट करने और अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग और डाक विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का आधार पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

कलेक्टर ने जल संचय और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही राजस्व पखवाड़ा और जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button