Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में होटल से 70 हजार की चोरी, CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध युवक

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। हथनेवरा चौक स्थित लाला होटल में देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर गल्ले में रखे करीब 70 हजार रुपये पार कर दिए। घटना की जानकारी सुबह होटल संचालक के पहुंचने पर हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, हथनेवरा चौक स्थित लाला होटल को देर रात चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाश होटल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सीधे गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

सुबह जब होटल संचालक लाला सिंह ठाकुर रोजाना की तरह होटल पहुंचे, तब उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर गल्ले से करीब 70 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत चांपा पुलिस को सूचना दी।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दोनों युवक देर रात होटल के आसपास घूमते और फिर अंदर घुसते नजर आ रहे हैं।

पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी स्थानीय क्षेत्र की जानकारी रखने वाले हो सकते हैं।

चांपा पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच जारी है।

इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button