जांजगीर-चांपा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार; चोरी की बाइक से दिया वारदात को अंजाम

जांजगीर-चांपा, 03 अक्टूबर। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पकरिया में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया टुल्लू पंप, स्टैंड पंखा, नकदी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पकरिया निवासी रामेश्वरी सुमन 3 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे अपने पुराने मकान को देखने पहुंची थीं। इस दौरान मकान का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर स्टैंड पंखा, टुल्लू पंप और पेटी में रखी नकदी रकम गायब मिली। इसके बाद उन्होंने मुलमुला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और अकलतरा SDOP मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुलमुला पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बनाहिल चौक के पास घेराबंदी की। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने पकरिया स्थित सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी चोरी की है। मोटरसाइकिल के संबंध में थाना उरला, रायपुर में चोरी का मामला दर्ज पाया गया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का सामान और मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप वैष्णो (20), निवासी दगोरी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर; दिनेश देवार (26), निवासी पकरिया, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा और करण देवार (26), निवासी दगोरी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रधान आरक्षक अवधेश तिवारी सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




