जांजगीर-चांपा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर किया अनाचार, मोबाइल में मिले अश्लील फोटो-वीडियो

जांजगीर-चांपा, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बम्हनीडीह थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन में अश्लील फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिसके बाद प्रकरण में आईटी एक्ट की धारा 67(क) भी जोड़ी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने बम्हनीडीह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम पिसौद, थाना जांजगीर निवासी करन कुमार सूर्यवंशी (19 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 91/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम्हनीडीह पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें अश्लील फोटो और वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(क) भी जोड़ी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में बम्हनीडीह TI निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक सियाराम यादव, प्रधान आरक्षक मिलन राठौर, मुकेश सिंह, छगन साहू, आरक्षक पुनेश्वर आजाद, राम कुमार कंवर और महिला आरक्षक ममता पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




