जांजगीर-चांपा में आरोपी थाने की अभिरक्षा से फरार, सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही पर आरक्षक निलंबित

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया आरोपी फरार हो गया। मामले में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षक द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना मुलमुला पुलिस ने अमोरा निवासी 33 वर्षीय फणेन्द्र सिंह के खिलाफ अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना मुलमुला में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था। आरोपी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया की ड्यूटी लगाई गई थी।
बताया गया है कि 22 अगस्त 2026 को तड़के करीब 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच आरोपी थाना अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS ने मुलजिम सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। आरक्षक को निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध किया गया है।
वहीं, थाना मुलमुला पुलिस ने फरार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उसके फरार होने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अभिरक्षा में रखे आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



