जांजगीर-चांपा: किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब की बिक्री, पुलिस ने 70 पाव शराब के साथ दुकानदार को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुलमुला थाना पुलिस ने ग्राम जेवरा में एक किराना दुकान पर छापेमारी कर 70 पाव अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त शराब की कुल कीमत 6,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को मुलमुला थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जेवरा निवासी बलराम कश्यप अपनी किराना दुकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर दुकान की घेराबंदी की और छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस को किराना दुकान के काउंटर के पास छिपाकर रखी गई शराब मिली। कार्रवाई में 15 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की, जिसकी कीमत 1,800 रुपये और 55 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 4,400 रुपये है, जब्त की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 70 पाव शराब बरामद की, जिसकी मात्रा 12.600 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 6,200 रुपये है।
पुलिस ने मामले में आरोपी बलराम कश्यप (47 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, ग्राम जेवरा, थाना मुलमुला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 447/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में मुलमुला TI निरीक्षक शिवानंद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक रुद्र कश्यप, आरक्षक राजेश कश्यप, ओमप्रकाश डहरिया और महिला आरक्षक प्रेमा जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।




