Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा: कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में दिए सख्त निर्देश, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

जांजगीर-चांपा, 6 अप्रैल 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों और प्राप्त शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए उन्होंने लापरवाही को किसी भी स्थिति में अस्वीकार्य बताया।

मिशन कर्मयोगी एप का कार्य 8 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को मिशन कर्मयोगी एप में निर्धारित पाठ्यक्रम एवं आवश्यक कार्य 8 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर प्रशिक्षण प्राप्त करने को कहा।

राशन कार्ड और पीडीएस व्यवस्था पर जोर
उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड पूरी पारदर्शिता के साथ बनाए जाएं। साथ ही प्रत्येक माह पीडीएस दुकानों में “चावल उत्सव” मनाने और अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

सड़कों से मवेशी हटाने चलाएं अभियान
कलेक्टर ने जांजगीर-अकलतरा सहित अन्य व्यस्त मार्गों पर सड़कों पर विचरण कर रहे मवेशियों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

जल संरक्षण को बनाए अभियान
गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं संचय कार्यों को अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण, कुआं निर्माण, डबरी और सोख्ता गड्ढों जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने और समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

ई-अटेंडेंस और ई-ऑफिस अनिवार्य
कलेक्टर ने सभी विभागों को ई-अटेंडेंस और ई-ऑफिस प्रणाली का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही बढ़ सके।

पेयजल, वृक्षारोपण और खाद उपलब्धता पर भी निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने गर्मी के दौरान पेयजल की नियमित आपूर्ति एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने, व्यापक वृक्षारोपण के लिए विभागवार कार्ययोजना बनाने और किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने रामलला दर्शन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने और विभिन्न योजनाओं के लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु शिविर आयोजित करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button