जांजगीर को मेडिकल कॉलेज की सौगात: NMC से मिली 50 MBBS सीटों की मंजूरी, नागरिक मंच ने मनाई खुशी, पीएम मोदी और सीएम विष्णु देव साय का जताया आभार

0 अटल चौक पर माल्यार्पण और मिठाई वितरण कर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, मेडिकल कॉलेज से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ
जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने छत्तीसगढ़ के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को 50-50 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालन की अनुमति दे दी है। जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज को भी मंजूरी मिलने पर जिले में खुशी का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर नागरिक मंच सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है।

नागरिक मंच के संयोजक प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा तथा रोजगार और विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी सोच, सुशासन और दूरदर्शी नेतृत्व का परिचायक है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए नागरिक मंच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने की खुशी में जांजगीर के अटल चौक पर नागरिक मंच के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समर्थन में नारे लगाते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नागरिक मंच के संयोजक प्रशांत सिंह ठाकुर, पंकज अग्रवाल, चमन शिव सिंह, अनुराग तिवारी, अभिमन्यु राठौर, राहुल सेन, दिव्यांश चंदेल, दिनेश राठौर, राकेश राठौर, प्रदीप सोनी, सूर्यप्रताप सिंह, सुरेंद्र यादव, सोनू यादव, हेमंत पैगवार, योगेश राणा, लक्ष्मी जायसवाल, प्रकाश तलवानी, राहुल यादव, आशीष पैगवार, आकाश ताम्रकार, कन्हैया सूर्यवंशी, सतीश पैगवार सहित बड़ी संख्या में नागरिक मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




