Chhattisgarh

बलगी में आधी रात जहरीला नाग निकला, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा

कोरबा, 22 मार्च। जिले के बलगी क्षेत्र में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब 5 फीट लंबा जहरीला नाग अचानक एक घर के बाहर दिखाई दिया। भोजन के बाद टहल रहे स्थानीय लोग सांप को देखकर घबरा गए। लोगों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन नाग फन फैलाकर पास की एक बंद नाली में जाकर बैठ गया, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई।

स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन्यजीव रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सूचना मिलते ही सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और टॉर्च की रोशनी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात के अंधेरे में नाग लगातार फन फैलाकर आक्रामक रुख अपनाता रहा, जिससे खतरा और बढ़ गया।

करीब काफी मशक्कत के बाद टीम ने सावधानीपूर्वक नाग को काबू में कर सुरक्षित थैले में डाल लिया। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम का आभार जताया।

रेस्क्यू के बाद इस संबंध में कटघोरा वन मंडल के डीएफओ कुमार निशांत को जानकारी दी गई, जिसके पश्चात नाग को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरों या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तत्काल हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें, ताकि विशेषज्ञ टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर सर्पदंश जैसी घटनाओं को टाला जा सके।

Related Articles

Back to top button