Chhattisgarh

जब अनुशासित युवा लोगों के बीच स्वच्छता की अलख जगाते हैं, तो समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है : डॉ. प्रशांत

0 बापू के बताए मार्ग को स्मरण कर कमला नेहरू महाविद्यालय की एनसीसी इकाई ने किया श्रमदान

कोरबा, 01 अक्टूबर। कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा की एनसीसी इकाई द्वारा गुरुवार को कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए विशेष श्रमदान अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स ने न केवल साफ-सफाई की, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।


गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट अनिता यादव के दिशा-निर्देश पर कैडेट्स ने पुरानी बस्ती क्षेत्र में जागरुकता रैली भी निकाली। अभियान के दौरान कैडेट्स ने कॉलेज परिसर और उसके आसपास फैले कूड़े-कचरे को एकत्र किया और उसका समुचित निपटान किया। इसके साथ ही, सिंगल-यूज प्लास्टिक के बढ़ते खतरों के प्रति लोगों को सचेत करने के लिए एक जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कैडेट्स ने स्थानीय दुकानदारों और आम जनों से मुलाकात कर उनसे प्लास्टिक व अमानक पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आग्रह किया।

कैडेट्स के इस सराहनीय प्रयास को प्रोत्साहित करने महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. प्रशांत बोपापुरकर विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि, “स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा और संस्कार होना चाहिए। राष्ट्र निर्माण में युवाओं और विशेषकर एनसीसी कैडेट्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब आप जैसे अनुशासित युवा समाज के बीच जाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाते हैं, तो उसका गहरा और सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। हमें अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण में निरंतर अपना योगदान देना होगा।”


इस पूरे अभियान में महाविद्यालय की एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट अनिता यादव और इस दौरान प्रमुख रूप से सीनियर अंडर आफिसर राहुल विश्वकर्मा, सार्जेंट भारती साहू, सार्जेंट आर्यन यादव, अवनी, राकेश समेत बड़ी संख्या में एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता दर्ज कराई।

Related Articles

Back to top button