Chhattisgarh

कोरबा में आकृति महिला समिति ने लगाया नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, 28 महिलाओं की आंखों का हुआ परीक्षण

कोरबा, 29 अक्टूबर। एसईसीएल मुख्यालय के श्रद्धा महिला मंडल के मार्गदर्शन में आकृति महिला समिति, सेंट्रल वर्कशॉप एवं सेंट्रल स्टोर्स कोरबा द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में सराहनीय पहल की गई। समिति की ओर से 28 अक्टूबर को सीडब्ल्यू हाउस, कोरबा में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला ठेका श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं सहित कुल 28 महिलाओं की आंखों की जांच की गई।

श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन के मार्गदर्शन और आकृति महिला समिति की अध्यक्षा नम्रता द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में एनसीएच गेवरा अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रामलाल एवं उनकी चिकित्सा टीम ने महिलाओं की आंखों का परीक्षण किया। जांच के दौरान महिलाओं को आंखों के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

आकृति महिला समिति ने शिविर में जांच कराने वाली जरूरतमंद महिलाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार जल्द से जल्द चश्मे उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी ली है। इस पहल का उद्देश्य महिला श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

शिविर में जांच कराने पहुंचीं सभी महिलाओं के लिए दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। आयोजन में आकृति महिला समिति की अध्यक्षा नम्रता द्विवेदी, सचिव सीमा राव, कोषाध्यक्ष श्रद्धा गुप्ता, प्रभाति पटुवा, पराशर, कुमार, लक्ष्मी प्रसाद और अर्चना दुबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और सामाजिक सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

Related Articles

Back to top button