Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’ में सम्मिलित हुए विधायक अनुज शर्मा

रायपुर, 05 फरवरी । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25वें वर्ष के उपलक्ष्य में आज गुढियारी स्थित सी.एस.ई.बी. (CSEB) मैदान में भव्य ‘छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025-26’ का आयोजन किया गया।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में धरसीवां विधायक अनुज शर्मा सम्मिलित हुए।


कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। रजत महोत्सव के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों पर प्रकाश डाला गया। विधायक द्वारा बिजली विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए प्रोत्साहित किया गया।


समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने प्रदेश की प्रगति में बिजली विभाग के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।आज का दिन हम सबके लिए गर्व का विषय है। छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना के 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है—यह हमारा रजत जयंती वर्ष है। और इस उत्सव की चमक अगर आज पूरे प्रदेश में दिखाई दे रही है, तो उसके पीछे आप जैसे ‘ऊर्जावान योद्धाओं’ की मेहनत है, जो दिन-रात पसीना बहाकर प्रदेश के कोने-कोने को रोशन कर रहे हैं।लोग अक्सर बिजली को सिर्फ एक सुविधा मानते हैं, लेकिन मैं इसे ‘विकास की जीवनधारा’ मानता हूँ। जब एक किसान के खेत में पंप चलाता है, जब एक छात्र रात को रोशनी में पढ़ाई करता है, और जब बस्तर के सुदूर वनांचल के किसी घर में पहली बार बल्ब जलता है, तो वह सिर्फ बिजली नहीं होती, वह उम्मीद की किरण होती है। सीएसईबी (CSEB) के मेरे साथियों, आप केवल कर्मचारी नहीं हैं, आप इस प्रदेश के विकास के सारथी हैं।

हमे पता है कि चाहे भीषण गर्मी हो या कड़कड़ाती ठंड, चाहे आंधी-तूफान हो या मूसलाधार बारिश, आप लोग खंभों पर चढ़कर यह सुनिश्चित करते हैं कि छत्तीसगढ़ का कोई भी घर अंधेरे में न रहे। रजत महोत्सव के इन 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ‘पावर सरप्लस’ स्टेट बना है, तो इसमें आपके तकनीकी कौशल और समर्पण का सबसे बड़ा योगदान है।यह रजत महोत्सव न केवल हमारी उपलब्धियों का जश्न है, बल्कि एक विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के संकल्प का प्रतीक भी है। आप सभी कों बहुत बहुत बधाई व शुभकामनाएं।

इस कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा,मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा सहित पॉवर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button