Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में निम्न दबाव के प्रभाव से बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता घटने की संभावना है।

रायपुर। निम्न दबाव क्षेत्र समेत विभिन्न मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मानसून सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब दो प्रतिशत कम बारिश हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तरी तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से 31 अगस्त तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना जताई है। दो सितंबर से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले शामिल हैं।

पिछले 24 घंटों में चांदो में सबसे अधिक 29 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल में 17, कुसमी में 13, प्रतापपुर और शंकरगढ़ में 12-12, सामरी में 9 तथा भखारा और धमतरी में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा हुई। रायपुर में भी 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बलरामपुर, कुकरेल, केल्हारी, डौरा कोचली और तोकापाल में 6-6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। जनकपुर-भरतपुर, कुरूद, अंबिकापुर, सूरजपुर, लटोरी, लाभांडीह, राजपुर, मगरलोड, गुरुर, माना-रायपुर एयरपोर्ट, रामानुजनगर और बेलरगांव में 5-5 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं सोनहत, नरहरपुर, मैनपुर, भटगांव, डौंडी, बालोद, केशकाल, राजिम, बिहारपुर, भानुप्रतापपुर और गरियाबंद में 4-4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अधिकांश अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा हुई।

Related Articles

Back to top button