छत्तीसगढ़ : खेलते वक्त गर्म पानी से झुलसा सवा साल का मासूम, पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान

जगदलपुर, 10 मई । जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हाटपदमुर में एक दर्दनाक हादसे में सवा साल का मासूम बच्चा गर्म पानी से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नानगुर थाना में पदस्थ पुलिस जवानों ने मानवता का परिचय देते हुए बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हाटपदमुर निवासी राजमन बघेल का पुत्र छोटू बघेल, जिसकी उम्र लगभग एक वर्ष दो माह बताई जा रही है, घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां पास में खाना बना रही थी और आंगन में गर्म पानी रखा हुआ था। खेलते-खेलते मासूम ने गर्म पानी से भरे बर्तन को हाथ से खींच लिया, जिससे उबलता पानी उसके शरीर पर गिर गया।
गर्म पानी गिरते ही बच्चा जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की चीख सुनकर उसकी मां और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे की हालत गंभीर देख परिजनों ने तुरंत मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलने पर नानगुर थाना के पुलिस जवान बिना देर किए मौके पर पहुंचे और बच्चे को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल अस्पताल (मेकाज) रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार शुरू किया और बाद में उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम में नानगुर थाना पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस जवानों का आभार जताया।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं अक्सर लापरवाही या बच्चों की निगरानी में कमी के कारण सामने आती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चों के आसपास गर्म पानी, आग या अन्य खतरनाक वस्तुएं खुली जगह पर नहीं रखनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।




