Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ की पहली महिला खुली जेल शुरू, केंद्रीय जेल रायपुर में डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने किया शुभारंभ…25 महिला बंदिनियों को मिलेगा रोजगार का अवसर

रायपुर, 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला बंदिनियों के लिए खुली जेल (Women Open Correctional Institution) की शुरुआत की गई है। केंद्रीय जेल रायपुर में डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने महिला खुली जेल का शुभारंभ किया। इस दौरान जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा समेत जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

केंद्रीय जेल रायपुर में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए शुरू की गई इस ओपन जेल में 25 महिला बंदिनियों को रखा जाएगा। यहां रहने वाली महिला बंदिनियां दिन के समय जेल परिसर से बाहर जाकर विभिन्न रोजगारमूलक कार्य कर सकेंगी। काम पूरा करने के बाद उन्हें शाम को जेल में लॉकअप होने से पहले वापस लौटना होगा।

महिला बंदिनियों को जेल की ऊंची दीवारों से बाहर मंदिर के पास स्थित परिसर में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों की बिक्री केंद्र संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा बंदिनियों की रुचि और क्षमता के अनुसार रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य महिला बंदिनियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना है। खुली जेल की व्यवस्था के माध्यम से बंदिनियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button