Chhattisgarh

चोरभट्टी में सोलर हाईमास्ट से रोशन हुई रातें, अंधेरे रास्तों से मिली राहत; ग्रामीणों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ी

कोरबा। कटघोरा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम चोरभट्टी में सोलर हाईमास्ट लाइट लगने से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। शाम ढलने के बाद अंधेरे में आने-जाने की परेशानी अब काफी हद तक दूर हो गई है। गांव के चौक और आसपास के रास्ते रात में सोलर हाईमास्ट की रोशनी से जगमगाते हैं, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है।

पहले गांव में शाम के बाद पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को जरूरी काम से बाहर निकलने में परेशानी होती थी। बच्चों और बुजुर्गों के देर से लौटने पर परिवार के लोग चिंतित रहते थे। वहीं, अंधेरे में जंगली जानवरों और सांप-बिच्छू का खतरा भी बना रहता था। कई ग्रामीण टॉर्च या मोबाइल की रोशनी के सहारे रास्ता तय करते थे।

ग्रामीणों की जरूरत को देखते हुए जिला प्रशासन ने खनिज संस्थान न्यास (DMF) से स्वीकृत राशि के माध्यम से क्रेडा विभाग के सहयोग से ग्राम चोरभट्टी में सोलर हाईमास्ट लाइट स्थापित कराई है। अब गांव के चौक और आसपास का क्षेत्र पर्याप्त रोशनी से प्रकाशित रहता है। खराब मौसम या बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में बैटरी बैकअप से भी प्रकाश की सुविधा उपलब्ध रहती है।

रात में आवागमन हुआ आसान

सोलर हाईमास्ट लगने के बाद ग्रामीणों को बाजार से लौटने, पड़ोस में जाने या किसी जरूरी काम से रात में चौक तक पहुंचने में सहूलियत हो रही है। सड़क और आसपास का क्षेत्र स्पष्ट दिखाई देने से रात में आवागमन को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के आने-जाने में सुविधा के साथ सुरक्षा का एहसास भी बढ़ा है।

सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण इस व्यवस्था के लिए बिजली बिल का अतिरिक्त खर्च भी नहीं आता। ग्रामीणों ने दूरस्थ गांव तक यह सुविधा पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की है। एक ग्रामीण ने कहा कि अब गांव में रात पहले जैसी नहीं लगती। चौक और रास्तों पर रोशनी रहने से रोजमर्रा के काम आसान हुए हैं और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भी भरोसा बढ़ा है।

Related Articles

Back to top button