Chhattisgarh

चांपा में पद्मश्री अनुज शर्मा के छत्तीसगढ़ी गीतों पर झूमे दर्शक, भालेराव मैदान में भव्य रावण दहन; नैला में 35 फीट ऊंची मां दुर्गा के किए दर्शन

जांजगीर-चांपा, 21 अक्टूबर। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का पर्व विजयादशमी जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चांपा के ऐतिहासिक भालेराव मैदान में भव्य रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरस्टार, पद्मश्री सम्मानित अभिनेता एवं विधायक अनुज शर्मा ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीतों और भजनों पर दर्शक जमकर झूमे।

विजयादशमी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अनुज शर्मा ने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीतों और भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी सुरीली आवाज सुनकर पूरा भालेराव मैदान तालियों की गड़गड़ाहट और माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति और संगीत का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रावण दहन केवल एक पुतले का दहन नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। अहंकार कितना भी ऊंचा क्यों न हो और असत्य कितना भी शक्तिशाली क्यों न दिखाई दे, अंततः विजय हमेशा सत्य, धर्म और मर्यादा की ही होती है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी अपने आदर्शों और संस्कारों पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

चांपा में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद अनुज शर्मा नैला-जांजगीर स्थित प्रसिद्ध दुर्गा पंडाल पहुंचे। यहां उन्होंने 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता रानी से प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान अनुज शर्मा ने नैला दुर्गा पंडाल में आयोजित आकर्षक लेजर शो का भी आनंद लिया। आधुनिक तकनीक से तैयार इस लेजर शो में हिंदू पौराणिक कथाओं, देवी-देवताओं के प्रसंगों और विजयादशमी के धार्मिक महत्व को प्रदर्शित किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष प्रभावों से सजे लेजर शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अनुज शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपराएं और संस्कार हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। चांपा के भालेराव मैदान में आयोजित रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button