Chhattisgarh

ग्राम दोन्देकला में 75.23 लाख की लागत से बनने वाले नए हाई स्कूल भवन का विधायक अनुज शर्मा ने किया भूमिपूजन

रायपुर, 29 जनवरी । धरसींवा विधानसभा के ग्राम दोन्देकला में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा के मुख्य आतिथ्य में शासकीय हाई स्कूल भवन के नवीन निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वार्षिकोत्सव भी आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

छात्रों को बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 75.23 लाख रुपए की लागत से शासकीय हाई स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा। विधायक अनुज शर्मा ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। भूमिपूजन के बाद आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी विधायक ने खुले मन से सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह दिन ग्राम दोन्देकला के लिए दोहरे उत्सव का दिन है। एक ओर विद्यालय का वार्षिकोत्सव मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर 75.23 लाख रुपए की लागत से बनने वाले आधुनिक स्कूल भवन की नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूल को ईंट, पत्थर और कंक्रीट का मजबूत ढांचा दे सकती है, लेकिन उसे ‘विद्या का मंदिर’ विद्यार्थी अपनी मेहनत और लगन से बनाते हैं। यह राशि केवल एक बजट नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है।

विधायक ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि सुविधाओं की कमी को कभी भी अपनी सफलता के रास्ते में बाधा न बनने दें। सफलता की असली कुंजी मेहनत और आत्मविश्वास है। उन्होंने कहा कि उन्हें इन बच्चों में भविष्य के डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी और कलाकार नजर आते हैं। बच्चों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और बड़े सपने देखने की सीख देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना है।

उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान न दें, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और संस्कार भी विकसित करें। वहीं अभिभावकों से बेटियों को बेटों के समान अवसर देने का आग्रह किया, क्योंकि एक बेटी के शिक्षित होने से पूरा परिवार और समाज शिक्षित होता है।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा के साथ दिनेश खटे, अरविंद सिंह ठाकुर, शंकर वर्मा, रामखिलावन वर्मा, श्याम लाल वर्मा, तिहारु राम सिंहा, बिंदा देवहरे, चंद्रशेखर वर्मा, अजीत वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button