Chhattisgarh

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान मारपीट, वीडियो वायरल

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में सोमवार को होली मिलन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच जमकर मारपीट हो गई। ब्रदरहुड पैनल द्वारा आयोजित “रंग बरसे 0.5” कार्यक्रम में रंग-गुलाल के बीच शुरू हुआ उत्सव अचानक विवाद में बदल गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में ऑडिटोरियम के सामने तेज आवाज में साउंड सिस्टम लगाकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली मना रहे थे। इस दौरान कुछ छात्र नशे की हालत में नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रंग खेलने और डांस के दौरान कुछ छात्रों ने एक-दूसरे के कपड़े फाड़ दिए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने झगड़े का रूप ले लिया और कुछ छात्र आपस में भिड़ गए। कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट शुरू होते ही कई छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो शाम तक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में छात्र एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते स्पष्ट नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि चार दिन पहले भी परिसर में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बनी थी। उस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा किया गया था, जिसमें भी छात्रों के बीच झड़प हुई थी। लगातार दूसरी बार हुए विवाद ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कुछ छात्रों का कहना है कि विवाद के पीछे नशा और विश्वविद्यालय प्रबंधन की उदासीनता प्रमुख कारण हैं। उनका आरोप है कि पहले कार्यक्रम में हुई घटना के बाद प्रशासन को सतर्क रहना चाहिए था और दोबारा इस तरह के आयोजन की अनुमति देने से पहले आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए थे।

घटना के बाद न तो पुलिस विश्वविद्यालय परिसर पहुंची और न ही किसी पक्ष द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button