गांव का नाम ही धरमपुरा है यहां सभी धार्मिक कार्य विधिवत पूरा होते हैं – राजेश्री महन्त जी

- दो दिवसीय जस गीत प्रतियोगिता का शुभारंभ किया महामंडलेश्वर जी ने
छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने धरमपुरा, रायपुर में दो दिवसीय जस गीत प्रतियोगिता का शुभारंभ माता दुर्गा भवानी की पूजा अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जैतू साव मठ ट्रस्ट कमेटी के सदस्य अजय तिवारी ने की। कार्यक्रम के आयोजक संगवारी जसगीत जागरण समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर अपने आशीर्वचन संदेश में राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि- इस गांव का नाम ही धरमपुर है, नाम के अनुरूप यहां प्रत्येक आध्यात्मिक कार्य विधिवत पूरा होता है। दुर्गा उत्सव, गणेश उत्सव, गौरा गौरी एवं राम नाम संकीर्तन, श्रीमद् भागवत महापुराण का आयोजन यहां होते ही रहता है। इस गांव के विकास के लिए जैतू साव मठ के पूर्व महन्त लक्ष्मी नारायण दास जी महाराज ने बहुत सराहनीय प्रयास किया और आगे बढ़ाया है। इसके पूर्व वक्त के रूप में श्री तिवारी जी ने कहा कि- इस भव्य आयोजन के लिए मैं आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देता हूं हम सभी पूज्य महाराज जी को सुनने के लिए एकत्रित हुए हैं।
उन्होंने आयोजन समिति को ₹11,000 प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए हुए कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को खूब रिझाया, इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों के अतिरिक्त अनेक गांव से आए हुए प्रतियोगी गण एवं ग्राम के सरपंच, पंच तथा ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




