गर्मी में बेजुबानों के लिए “थोड़ा सा प्यार” मुहिम, वेल विशर फाउंडेशन की पहल

अकलतरा, 19 मार्च । भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से वेल विशर फाउंडेशन द्वारा “गर्मी में थोड़ा सा प्यार, बेजुबानों के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे अपने घरों और दुकानों के बाहर मिट्टी के बर्तनों (चकोर) में पानी और चारा रखें, ताकि गर्मी से जूझ रहे पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
संस्था की कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना सिंह ने बताया कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति रोहित सारथी, उपाध्यक्ष रजनी सत्तू साहू, एसडीएम सुमित बघेल, थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, युवा समाजसेवी छोटू कश्यप और मनीष धीवर को जोड़ा गया है। उन्हें मिट्टी के चकोर भी उपलब्ध कराए गए हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की अपील की गई है।

फाउंडेशन के सदस्य दीपक साहू ने आम नागरिकों से इस नेक कार्य में भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बेजुबान जीवों के लिए बड़ी राहत बन सकते हैं। वहीं, संस्था के सचिव चिराग शर्मा ने बताया कि यह अभियान न केवल मानवीय संवेदनाओं को दर्शाता है, बल्कि समाज में जीव-जंतुओं के प्रति दया और जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि जहां इंसान अपनी जरूरतें व्यक्त कर सकता है, वहीं बेजुबान जीव ऐसा नहीं कर पाते, इसलिए समाज को आगे आना होगा।


नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन
इसी क्रम में वेल विशर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर गर्मी के दौरान पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कराने, युवाओं के लिए लाइब्रेरी की स्थापना तथा राम सागर तालाब के सौंदर्यीकरण जैसी मांगें रखीं। संस्था ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।




