Chhattisgarh

गंगरेल क्षेत्र में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

धमतरी, 10सितंबर । हाथी के बाद अब गंगरेल क्षेत्र में तेंदुआ दिखने से लोगों में दहशत फैल गई है। इस संबंध में लोगों को सतर्क रहने कहा गया है। सिंचाई विभाग की टीम गंगरेल क्षेत्र से की ओर भ्रमण करने गए हुए थे। इसी दौरान ऊपर के जंगल में तेंदुआ दिखाई दिया, जो वाहन की आवाज सुनकर भाग गया। अचानक दिखे तेंदुआ से लोग सहम गए हैं। शुक्रवार सुबह इसे कोटाभर्री क्षेत्र में देखा जाना बताया गया है।

एसडीओ डीएस कुंजाम ने बताया कि जब वह अपने कर्मचारियों के साथ वाहन में फुटहामुड़ा से होते हुए कुकरेल की ओर जा रहे थे तभी ऊपर में 200 मीटर दूर तेंदुआ दिखाई दिया जो आवाज सुनकर भाग गया।

धमतरी क्षेत्र के रेंजर महादेव कन्नौजे ने बताया कि तेंदुआ देखने की सूचना मिली है जिसकी पुष्टि की जा रही है। वन विभाग की टीम को लगा दिया गया है। ज्ञात हो कि इसके पूर्व नगरी सिहावा क्षेत्र में तेंदुआ का दहशत का आलम था, जिससे कई जाने भी जा चुकी है। यहां पर भी लोगों को सतर्क रहने कहा गया है। किसी प्रकार की सूचना मिलती है तो तत्काल विभाग को बताएं।

केरेगांव रेंज में चार हाथियों का दल

दूसरी तरफ केरेगांव रेंज में बनरौद परिसर में चार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। जिस पर वन विभाग की टीम नजर रखे हुए हैं। ग्राम मारदापोटी, बनरौद, गेदापारा बांसपारा कुम्हड़ा आदि गांव में अलर्ट कर दिया गया है, लोगों से कहा गया है कि वे जंगल की तरफ न जाए। हाथी से अभी तक जनहानि नहीं हुई है। फसल को जरूर नुकसान हो रहा है।

Related Articles

Back to top button