Chhattisgarh

खोखरा जेल में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापेमार कार्रवाई, बैरकों की सघन तलाशी

जांजगीर-चांपा, 11 मार्च। जिले के खोखरा स्थित जिला जेल में बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण और छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान जेल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। अधिकारियों ने जेल के सभी बैरकों की सघन तलाशी ली और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने जेल की बैरकों में जाकर तलाशी अभियान चलाया। साथ ही कैदियों के रहने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और भोजन व्यवस्था की भी बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा जेल की रसोई और परिसर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी निरीक्षण किया गया।

इस कार्रवाई में जिला प्रशासन की ओर से एडिशनल कलेक्टर, तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक सतरूपा तारम और सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे सहित पुलिस की टीम शामिल रही।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष में दो बार जेलों का औचक निरीक्षण करने का प्रावधान है। इसी के तहत जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खोखरा जेल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Related Articles

Back to top button