कोरबा: शरदोत्सव में 25 अक्टूबर को होगी श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता, बच्चों और महिलाओं के लिए भी होंगे विशेष आयोजन

कोरबा। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति कोरबा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में शरदोत्सव का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक परशुराम भवन, कोरबा में किया जाएगा। इस दौरान बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं 25 अक्टूबर को श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कारों और श्रीरामचरितमानस में वर्णित जीवन-मूल्यों को नई पीढ़ी सहित समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना है।
मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में शरदोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता 25 अक्टूबर, रविवार को रात 8 बजे से प्रारंभ होगी। इसमें सभी आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
चार आयु वर्गों में होगी चौपाई प्रतियोगिता
प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। इनमें 10 वर्ष तक, 11 से 20 वर्ष, 21 से 50 वर्ष और 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रतिस्पर्धा होगी। प्रतियोगिता में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
प्रतिभागियों को श्रीरामचरितमानस की अपनी पसंद की चौपाई का सस्वर वाचन करना होगा। इसके साथ चौपाई का अर्थ, भावार्थ और उससे मिलने वाली जीवनोपयोगी शिक्षा को लिखित एवं मौखिक रूप में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को अधिकतम 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में चौपाई के शुद्ध उच्चारण, भावपूर्ण वाचन, अर्थ एवं भावार्थ की स्पष्टता और जीवनोपयोगी संदेश की व्याख्या के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक करा सकेंगे पंजीयन
चौपाई प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक अपना नाम और चयनित चौपाई का पंजीयन कराना होगा। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए कार्यक्रम संयोजक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा से मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।
23 अक्टूबर को बच्चों और 24 अक्टूबर को महिलाओं की प्रतियोगिताएं
शरदोत्सव के अंतर्गत 23 अक्टूबर, शुक्रवार को बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, बूझो तो जानें और चम्मच दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में उत्साह, सहभागिता और रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया जाएगा।
वहीं 24 अक्टूबर, शनिवार को महिलाओं के लिए अन्नकूट की थाली, श्रीनाथ की रंगोली और आंगन मंडना प्रतियोगिता आयोजित होगी। इन आयोजनों के माध्यम से पारंपरिक कला, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील
मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा और महिला मंडल की अध्यक्ष रेणु पुजारी ने समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से शरदोत्सव की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
बैठक में समिति के सचिव शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य बृजमोहन शर्मा, संजय शर्मा, बिमल जोशी, ललित शर्मा, शिव शर्मा, विजय जोशी, महेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा, विजय शर्मा, रवि शर्मा और डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




