कोरबा में IG बिलासपुर की क्राइम मीटिंग, बीट सिस्टम मजबूत करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कोरबा, 02 फरवरी। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के कोरबा प्रवास के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा के सभाकक्ष में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, जिले के तीनों अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बीट सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी ढंग से संचालित करने, आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में घटना के दिन ही एफआईआर दर्ज करने, त्वरित विवेचना करने तथा थाना प्रभारी द्वारा स्वयं शिकायत सुनकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। संगठित गिरोहों द्वारा किए जाने वाले अपराधों में संगठित अपराध की धाराएं जोड़ने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज द्वारा “सशक्त मोबाइल ऐप” का विमोचन किया गया, जिसे कोरबा जिले में भी लागू किया गया है। यह मोबाइल ऐप पुलिस प्रशासन द्वारा चोरी गए वाहनों की पतासाजी के लिए संचालित किया जा रहा है। ऐप के माध्यम से लावारिस खड़ी मोटरसाइकिलों एवं अन्य वाहनों की जानकारी आसानी से सर्च की जा सकेगी, जिससे चोरी गए वाहनों की पहचान और बरामदगी में सहायता मिलेगी।
पुलिस महानिरीक्षक ने तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए निर्देशित किया कि जिले के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सशक्त मोबाइल ऐप का नियमित एवं प्रभावी उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिसिंग को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सकता है।
कोरबा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून-व्यवस्था और जनता के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई।




