Chhattisgarh

कोरबा में हाथी का हमला: पुटु निकालने गए ग्रामीण की जंगल में दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पीडिया के तुर्रीकटरा जंगल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुटु (जंगली मशरूम) संग्रह करने जंगल गए एक ग्रामीण की जंगली हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में जाने से पहले विशेष सावधानी बरतने और हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर जंगल में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पीडिया निवासी जहाज़ सिंह राठिया (करीब 55 वर्ष) गुरुवार सुबह पुटु निकालने के लिए तुर्रीकटरा जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद नियमानुसार आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


बरसात के मौसम में पुटु, चार, तेंदूपत्ता और अन्य वनोपज संग्रह के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों का रुख करते हैं। इसी समय हाथियों की आवाजाही और सक्रियता भी बढ़ जाती है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में इजाफा देखने को मिलता है। वन विभाग लगातार ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर जंगल में प्रवेश नहीं करने की सलाह दे रहा है।

वन विभाग ने अपील की है कि ग्रामीण अकेले जंगल न जाएं, हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति या हाथी की गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें। विभाग का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी ऐसे हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

इस घटना के बाद ग्राम पीडिया सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की लगातार निगरानी, समय पर अलर्ट जारी करने और प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button