Chhattisgarh

कोरबा में पुलिस विभाग को झकझोरने वाला मामला, कटघोरा थाने के एसआई पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से पुलिस महकमे की छवि को आघात पहुंचाने वाला मामला सामने आया है। छेड़छाड़ के गंभीर आरोप में कटघोरा थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर (एसआई) शिव प्रसाद कोसरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित महिला की शिकायत के बाद जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पीड़िता का आरोप है कि अवैध शराब के एक मामले में उसके पति को जेल भेजे जाने के बाद से एसआई शिव प्रसाद कोसरिया उसे लगातार परेशान कर रहा था। महिला के अनुसार आरोपी एसआई फोन कर अश्लील बातें करता था और दबाव बनाने का प्रयास करता रहा। आरोप है कि रविवार को एसआई महिला के घर पहुंचा और जबरन छेड़छाड़ की।

घटना से आहत पीड़िता ने कटघोरा थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी एसआई के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि महिला की शिकायत पर तत्काल अपराध दर्ज किया गया है और आरोपी एसआई को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है और पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button