Chhattisgarh

कोरबा में इंटर स्कूल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता संपन्न, 25 स्कूलों के 166 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, डीडीएम स्कूल बना चैंपियन

कोरबा, 27 अक्टूबर 2026। कोरबा जिले में स्कूली खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंटर स्कूल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 25 विद्यालयों के 166 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शानदार प्रदर्शन करते हुए डीडीएम स्कूल ने सर्वाधिक 59 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। वहीं न्यू ईरा प्रोग्रेसिव स्कूल दूसरे और अग्रसेन पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में कोरबा जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन एवं सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में 24 अक्टूबर को प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें चिल्ड्रन, कैडेट एवं जूनियर वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न वजन वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लगभग 40 कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल्स भी शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में पॉइंट फाइटिंग, किक लाइट और म्यूजिकल फॉर्म्स जैसी विधाओं में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

प्रतियोगिता में डीडीएम स्कूल के खिलाड़ियों ने 20 स्वर्ण, 23 रजत और 16 कांस्य पदक सहित कुल 59 पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। न्यू ईरा प्रोग्रेसिव स्कूल ने 16 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 26 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं अग्रसेन पब्लिक स्कूल ने 11 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक सहित कुल 16 पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में किकबॉक्सिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। विशेषकर बच्चों और युवाओं के लिए इस खेल का प्रशिक्षण शारीरिक मजबूती, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने में सहायक है। उन्होंने विजेता, उपविजेता एवं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश मिश्रा और वैभव शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय रेफरी प्रभात साहू, मयंक डडसेना, वरिष्ठ खिलाड़ी एवं रेफरी अंकुश लाल यादव, शुभम यादव, जुनैद आलम, रितेश साहा, सोमेश साहू, सुयश नामदेव और जगदीश यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। लोकिता चौहान अभिलेख प्रभारी रहीं। विभिन्न विद्यालयों के व्यायाम शिक्षक सुमित सिंह, संदीप मंडल, यश शर्मा, प्रेरणा मुनि और शुभम महापात्र सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगनलाल मूंदड़ा, संस्थापक तारकेश मिश्रा, महासचिव आकाश गुरुदीवान, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफर, जिला खेल अधिकारी दिनु पटेल, रामकृपाल साहू, कोरबा जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी की संचालिका प्रीति मिश्रा, शैलेश सिंह सोमवंशी, विकास नामदेव, स्नेहा सिदार सहित अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button