Chhattisgarh

कोरबा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा, कलेक्टर-एसपी से लगाई गुहार

कोरबा, 14 अक्टूबर 2026। जिले की ग्राम पंचायत पहंदा, तिलकेजा और पताड़ी क्षेत्र में कथित अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और बिक्री से परेशान महिलाओं ने अब जिला प्रशासन और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायत लेकर जिला कलेक्टर और SP (एसपी) के पास पहुंचीं। उन्होंने संबंधित गांवों में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। महिलाओं की परेशानी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए बस किराए पर करीब 8 हजार रुपये खर्च कर गांवों से कोरबा पहुंचीं।

महिलाओं ने अधिकारियों को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि संबंधित गांवों और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से कथित तौर पर कच्ची महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। उनका आरोप है कि शराब आसानी से उपलब्ध होने के कारण बच्चे और युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इससे परिवारों में आर्थिक और सामाजिक परेशानियां बढ़ रही हैं। महिलाओं ने बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य को लेकर भी चिंता जताई।

शिकायत के अनुसार, कुछ बच्चे स्कूल जाने के बहाने घर से निकल जाते हैं और शराब पीने की लत के चलते घर का सामान तक बेच देते हैं। महिलाओं का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों का सीधा असर बच्चों की शिक्षा और पारिवारिक जीवन पर पड़ रहा है। ग्रामीण परिवार अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर बेहतर भविष्य देना चाहते हैं, लेकिन शराब की कथित आसान उपलब्धता उनके प्रयासों में बाधा बन रही है।

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम पंचायत पहंदा-तिलकेजा क्षेत्र के खैरसामुड़ा, कुसमीभांठा, आमापाली और धवईभांठा सहित ग्राम पंचायत पताड़ी क्षेत्र के बेंगचुलभांठा तथा दरसरा भांठा में अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायत की गई है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि इस कारोबार से बच्चों, युवाओं और मेहनतकश ग्रामीणों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

महिलाओं ने जिला प्रशासन और पुलिस से संबंधित क्षेत्रों में जांच कराने, अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गांवों में इसकी अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। अब ग्रामीण महिलाओं को प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button