Chhattisgarh

Raigarh Crime: नावापारा टेंडा में मकान और राशन दुकान चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन गिरफ्तार, पूरी संपत्ति बरामद

रायगढ़, 25 फरवरी। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नावापारा टेंडा में मकान और राशन दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक युवक, एक विधि से संघर्षरत बालक और चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही दोनों मामलों में चोरी गई करीब 45,100 रुपये की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम नावापारा टेंडा निवासी मनीष महंत (22) ने 23 फरवरी को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 फरवरी को वह ड्यूटी पर गया था, जबकि घर में उसकी बहन और मामी मौजूद थीं। इसी दौरान 21-22 फरवरी की रात अज्ञात चोर घर में घुसकर आलमारी से एक नग सोने का फुली, एक जोड़ी चांदी की पायल और दो नग चांदी की बिछिया चोरी कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी रात ग्राम में संचालित संजय महाराज राशन दुकान में भी चोरी की घटना हुई। दुकान संचालक संजय शर्मा (50) ने बताया कि 21 फरवरी को दुकान बंद कर घर चले गए थे और अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर पीछे का दरवाजा टूटा मिला। दुकान से साबुन, तेल, क्रीम, पेस्ट, हेयर ऑयल, शैम्पू, फेसवॉश, सीएफएल बल्ब, टिफिन बॉक्स सहित अन्य राशन सामग्री चोरी हो चुकी थी, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर ग्राम नावापारा टेंडा निवासी ओमप्रकाश अगरिया उर्फ चकदे (25) और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मकान और राशन दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ओमप्रकाश अगरिया ने चोरी की गई चांदी की पायल को घरघोड़ा के बसीर कॉलोनी स्थित आर.जी. ज्वेलर्स के संचालक गौतम मंडल (40) को बेचने की बात कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश अगरिया के कब्जे से एक नग सोने का फुली, दो नग चांदी की बिछिया और राशन दुकान से चोरी किया गया लगभग 15 हजार रुपये का पूरा सामान बरामद किया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक से चोरी की संपत्ति बेचने से मिले 1,000 रुपये और ज्वेलर्स गौतम मंडल से एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई। मामले में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

तीनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी का माल खरीदने-बेचने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी और रायगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button