Chhattisgarh

कोरबा : डूबने से 9 वर्षीय बालक की मौत, तीन घंटे बाद पंतोरा के पास मिला शव

कोरबा जिला के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा मोहल्ला जंगलपारा में रविवार दोपहर एक 9 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन कंवर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार रोशन कंवर कोथारी कचोरा का रहने वाला था। उसके पिता विष्णु कंवर मजदूरी और खेती का काम करते हैं। वह कुछ दिनों से अपने रिश्तेदारों के यहां तरदा गांव आया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपनी मामी और नानी के साथ नहाने के लिए नहर पर गया था। नहाने के दौरान उसने कथित तौर पर कहा कि उसे तैरना आता है और इसी बीच वह तेज बहाव वाली नहर में कूद गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहर का बहाव काफी तेज था, जिससे बालक देखते ही देखते पानी की धारा में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।

घटना के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने बालक की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव पंतोरा के पास बरामद किया गया, जो जांजगीर-चांपा जिला क्षेत्र में आता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद से परिवार और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

Related Articles

Back to top button